भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के माण्डल कस्बे में दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट के अवसर पर वर्षों पुरानी अनूठी परंपरा का निर्वहन किया गया। यहां कुम्हार समाज के लोगों ने अपने आजीविका के पारंपरिक साथी गधों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की।
इस अवसर पर कुम्हार समाज के लोग प्रताप नगर क्षेत्र में एकत्रित हुए। उन्होंने गधों को स्नान करवाकर आकर्षक ढंग से सजाया। उनके शरीर पर रंग-बिरंगे रंग लगाए गए तथा फूलों की मालाएं पहनाई गईं। इसके बाद गधों को चौक में लाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की गई और गुड़ खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया।

गधों को मानते हैं आजीविका का प्रमुख आधार
माण्डल में इस परंपरा का विशेष महत्व है। कुम्हार समाज के लिए गधे लंबे समय तक आजीविका के महत्वपूर्ण साधन रहे हैं। पहले कुम्हार गधों के माध्यम से तालाबों और अन्य स्थानों से मिट्टी लाकर मिट्टी के बर्तन एवं अन्य सामग्री तैयार करते थे। इसी कारण समाज के लोग गधों को केवल पशु नहीं, बल्कि अपने परिश्रम और रोजगार के साथी के रूप में सम्मान देते आए हैं।
जिस प्रकार किसान गोवर्धन पूजा के अवसर पर गाय और बैलों का पूजन करते हैं, उसी तरह माण्डल का प्रजापति समाज अपने पारंपरिक सहयोगी गधों की पूजा करता है।
पूजा के बाद होती है अनूठी गधा दौड़

पूजा-अर्चना और मुंह मीठा कराने के बाद इस आयोजन का सबसे आकर्षक हिस्सा गधों की दौड़ होती है। परंपरागत रूप से पटाखों की आवाज के बीच गधों को दौड़ाया जाता है। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए माण्डल कस्बे के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यह आयोजन क्षेत्र में दीपावली के त्योहार को एक अलग पहचान देता है।
करीब 71 वर्षों से निभाई जा रही परंपरा
कुम्हार समाज के गोपाल ने बताया कि माण्डल में वैशाख नंदन पर्व की यह परंपरा लगभग 71 वर्षों से चली आ रही है। उनके पूर्वजों के समय लगभग हर घर में गधे पाले जाते थे और इन्हीं के माध्यम से मिट्टी ढोकर आजीविका चलाई जाती थी। समय के साथ परिवहन के आधुनिक साधन बढ़ने से गधों की संख्या में कमी आई है, लेकिन समाज ने अपनी पुरानी परंपरा को आज भी जीवित रखा है।
उन्होंने बताया कि पूर्वज दीपावली के दूसरे दिन गधों की पूजा करते थे और नई पीढ़ी भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रही है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है, बल्कि कुम्हार समाज की पारंपरिक जीवनशैली, संस्कृति और अपने आजीविका के सहयोगियों के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।