कोटा। संभाग में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रसव के बाद गंभीर हालत में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही बारां निवासी 28 वर्षीय पुष्पा बैरवा ने सोमवार रात कोटा मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही पिछले 15 दिनों में प्रसव के बाद चार प्रसूताओं की मौत का मामला सामने आ चुका है।
जानकारी के अनुसार, पुष्पा बैरवा का 27 अक्टूबर को झालावाड़ अस्पताल में सामान्य प्रसव हुआ था। उसने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया था। हालांकि, प्रसव के करीब एक घंटे बाद ही उसे अचानक अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। चिकित्सकों ने रक्तस्राव रोकने के प्रयास किए और करीब 5 से 6 यूनिट रक्त चढ़ाया, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर किया गया।
कोटा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पुष्पा को नेफ्रोलॉजी विभाग के आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया था। जांच के दौरान उसमें डीआईसी (डिसेमिनेटेड इंट्रावैस्कुलर कोएगुलेशन) की गंभीर स्थिति सामने आई। इस बीमारी में शरीर की रक्त जमने की सामान्य प्रक्रिया प्रभावित हो जाती है, जिससे अनियंत्रित रक्तस्राव और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
चिकित्सकों के अनुसार, लगातार रक्तस्राव के कारण उसका ब्लड प्रेशर गिर गया तथा किडनी और फेफड़े गंभीर रूप से प्रभावित हुए। प्लेटलेट्स और हीमोग्लोबिन का स्तर भी कम हो गया था। डायलिसिस और उपचार के बाद किडनी की स्थिति में कुछ सुधार हुआ तथा प्रतिदिन लगभग तीन लीटर पेशाब बनने लगा, लेकिन फेफड़ों की स्थिति में सुधार नहीं हो सका। अंततः रेस्पिरेटरी फेल्योर के कारण उसकी मौत हो गई।
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खंडेलिया के अनुसार, प्रसूता को डीआईसी की गंभीर समस्या थी। उपचार में मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, एनेस्थीसिया, श्वास रोग और गायनी सहित विभिन्न विभागों की विशेषज्ञ टीमें लगातार जुटी हुई थीं, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
15 दिन में चार मौतें, आखिर कब मिलेगी जवाबदेही?
प्रसव के बाद लगातार सामने आ रही प्रसूताओं की मौत की घटनाओं ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं, समय पर रक्तस्राव नियंत्रण, आपातकालीन उपचार और गंभीर मरीजों के रेफरल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रत्येक मामले के चिकित्सकीय कारणों की अलग-अलग जांच आवश्यक है, लेकिन लगातार हो रही मौतों के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से समग्र समीक्षा और आवश्यक सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है।