कोटा

कोटा का 133वां राष्ट्रीय दशहरा मेला संपन्न: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा - विकास और विरासत के संगम का दिखा अनूठा रूप

Admin Desk
05 Nov 2026, 01:28 AM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा, 5 नवम्बर।

कोटा की ऐतिहासिक सांस्कृतिक पहचान और लोक संस्कृति के प्रतीक 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का गुरुवार को भव्य समापन हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में हुए समापन समारोह के दौरान ध्वज अवतरण कर मेले के आधिकारिक समापन की घोषणा की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर डाॅ. अनसूया गोस्वामी ने की। विशिष्ट अतिथियों में विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर विवेक राजवंशी, शहर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन, आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा, उपायुक्त धीरज सोनी, भावना सिंह  पार्षद सीमा चौधरी, सुनीता नायक, सुरभि झामनानी सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि कोटा की सांस्कृतिक धरोहर और मेलों की यह परंपरा हमें एक परिवार के रूप में जोड़े रखती है। 133 साल पुरानी यह विरासत आज भी देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी इस समृद्ध विरासत पर गर्व है और इसके संरक्षण के साथ-साथ इसे आधुनिकता के आयामों से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। आगामी मेलों को और अधिक विशिष्ट, आधुनिक और विरासत के संगम के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे देश भर के हस्तशिल्पियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर मिल सकें।

कोटा को एजुकेशन, मेडिकल और इंडस्ट्रियल हब बनाने का संकल्प

लोकसभा अध्यक्ष ने कोटा के आगामी विकास का विजन रखते हुए कहा कि शहर को सड़क, रेल और एयर कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। वर्ष 2028 तक ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट से कोटा सीधे दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों से जुड़ जाएगा। इसके साथ ही कोटा को मेडिकल हब, एजुकेशन का प्रमुख केंद्र और नया इंडस्ट्रियल पार्क स्वीकृत कराकर औद्योगिक नक्शे पर एक मजबूत पहचान दिलाई जाएगी। मुकुंदरा-रामगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और चीता लाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

निर्विघ्न सम्पन्न हुआ मेला: महापौर

महापौर डाॅ. अनसूया गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि जनता, अधिकारी-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के मिले-जुले सहयोग तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से यह मेला पूरी तरह निर्विघ्न संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा स्पीकर के मार्गदर्शन से व्यापारियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी हुई है और मेले का उद्देश्य हर चेहरे पर मुस्कान लाना रहा है। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के विचारों की विराटता और व्यापकता से ही यह आयोजन बेहद खूबसूरत, सुचारू और सर्वसुविधा युक्त रूप ले सका है।

रामायण गैलरी और नवाचारों से आकर्षण का केंद्र रहा मेला

मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के मार्गदर्शन को धरातल पर उतारने में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा से कार्य किया है। इस वर्ष मेले में तकनीक और पर्यटन को जोड़ते हुए रामायण गैलरी का निर्माण किया गया, जिसने धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करने के साथ आगंतुकों का भरपूर मनोरंजन किया। सरकारी स्कूलों के बच्चों की सहभागिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विविधता इस आयोजन की मुख्य विशेषता रही।

समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और मेले की व्यवस्थाओं में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

TAGS: #राष्ट्रीय दशहरा मेला #राष्ट्रीय मेला दशहरा #लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला #ध्वज अवतरण #समापन #