राजनीति

बूंदी बंद के समर्थन में कांग्रेस, प्रहलाद गुंजल बोले—व्यापारियों पर कार्रवाई बर्दाश्त नहीं

Desk
05 Oct 2026, 04:17 PM
Pramukh Samvad
News Image
कोटा/बूंदी, 5 अक्टूबर। चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और बूंदी जिला अस्पताल से जुड़े मामलों को लेकर व्यापारियों द्वारा 6 अक्टूबर को प्रस्तावित बूंदी बंद को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। कोटा उत्तर पूर्व विधायक एवं कोटा-बूंदी लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने कहा कि कांग्रेस व्यापारियों की मांगों के साथ खड़ी है और बंद का पूर्ण समर्थन करती है। गुंजल ने कहा कि बूंदी के प्रतिष्ठित व्यापारी अशोक गुप्ता की मौत के मामले ने शहर के व्यापारियों और आमजन में चिंता पैदा की है। परिजनों और व्यापारियों की ओर से उपचार में लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं, जिनकी वास्तविकता जांच के बाद स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदारी तय करने की मांग को लेकर व्यापारी आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से व्यापारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। गुंजल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बूंदी के व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार की दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की गई तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। गुंजल ने प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में लोग इलाज और अपनी जान बचाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन कई स्थानों पर व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने हाल में कोटा में प्रसूताओं की मौत के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय होना जरूरी है। गुंजल ने सरकार से मांग की कि प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा गंभीर मामलों में जिम्मेदारी तय करते हुए आमजन को बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
TAGS: ##प्रहलाद गुंजल #कांग्रेस