कोटा

​राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026: सिने संध्या स्टार नाइट में पार्श्वगायक मीका सिंह की सुरीली प्रस्तुतियों ने झुमाया

Admin Desk
05 Nov 2026, 10:25 AM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा, 4 नवंबर।

राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 की भव्य और सांस्कृतिक श्रंखला के तहत बुधवार शाम मेला परिसर स्थित ऐतिहासिक विजयश्री रंगमंच पर 'सिने संध्या स्टार नाइट' का रंगारंग आयोजन संपन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित संगीत संध्या में देश के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक, रैपर एवं संगीतकार मीका सिंह (अमरीक सिंह) ने अपनी सुमधुर, ऊर्जावान और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से संपूर्ण परिसर को संगीतमय माहौल से सराबोर कर दिया। मंच पर जैसे ही मीका सिंह ने कदम रखा, दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। मैदान में उपस्थित हजारों की संख्या में संगीत प्रेमियों ने जोरदार तालियों, सीटियों और उल्लासपूर्ण नारों के साथ उनका अभूतपूर्व और आत्मीय स्वागत किया। मीका सिंह ने जय श्री राम कहकर अभिवादन किया। 

पार्श्वगायक मीका सिंह 

​कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विशिष्ट अतिथियों के आतिथ्य सत्कार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, क्षेत्रीय विधायक संदीप शर्मा, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी कोटा के अध्यक्ष राजेश बिरला तथा राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। निगम प्रशासन की ओर से महापौर अनुसुइया गोस्वामी, उप महापौर विवेक राजवंशी तथा मेला अधिकारी ओपी मेहरा ने मुख्य कलाकारों और आमंत्रित अतिथियों का साफा पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

​इसके बाद तो विजयस्री रंगमंच मीका सिंह की जादुई और सुरीली आवाज के जादू से महक उठा। मीका सिंह ने अपनी प्रस्तुति की धमाकेदार शुरुआत अपने सदाबहार और रूहानी सूफी गीत 'दमादम मस्त कलंदर' से की, जिसने पूरे मैदान में भक्ति और संगीत का अनूठा रस घोल दिया। राजस्थानी स्वागत गीत केसरिया बालम.. भी गुनगुनाया। इसके बाद उन्होंने फिल्म 'सुल्तान' के ब्लॉकबस्टर गीत 'लगे 440 वॉट तेरे छूने से' की प्रस्तुति देकर युवाओं में जबरदस्त ऊर्जा का संचार कर दिया। पुरानी यादों को ताजा करते हुए मीका सिंह ने जब महान गायक किशोर कुमार का कालजयी गीत 'इंतहा हो गई इंतजार की' अपने खास अंदाज में प्रस्तुत किया, तो संपूर्ण विजयश्री रंगमंच दर्शकों की तालियों से गुंजायमान हो उठा। उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में एक से बढ़कर एक सुपरहिट गीतों की नॉनस्टॉप श्रृंखला पेश कर हर उम्र के दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उनके सुप्रसिद्ध चार्टबस्टर 'सावन में लग गई आग' के ऑरिजिनल और रीमिक्स अंदाज ने पूरे माहौल में जबरदस्त उत्साह भर दिया। 

​बॉलीवुड चार्टबस्टर्स और पंजाबी गानों की रही धूम

​संगीत संध्या की रफ्तार बढ़ाते हुए मीका सिंह ने तुम पर हम हैं अटके यारा... / बचना ए हसीनों.../ ओम शान्ति ओम... की प्रस्तुति तो दर्शक दीर्घा भी साठ गुनगुनाने लगी। फिल्म 'देसी बॉयज़' के सुपरहिट ट्रैक 'सुबह होने न दे' और 'जब वी मेट' के ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर 'मौजा ही मौजा' से कार्यक्रम की ऊर्जा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने फिल्म 'सिंबा' का 'आंख मारे', 'किक' का 'जुम्मे की रात', 'बजरंगी भाईजान' का 'आज की पार्टी' तथा 'आर... राजकुमार' का सुपरहिट 'गंदी बात' गाकर मैदान में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। ​उत्सव के इस दौर को जारी रखते हुए उन्होंने 'मुबारकां' का 'हवा हवा', 'लुका छुपी' का 'पोस्टर लगवा दो', 'फटा पोस्टर निकला हीरो' का 'तू मेरे अगल बगल है', 'रेडी' का लोकप्रिय 'ढिनका चिका', 'सिंह इज किंग' का 'बस एक किंग', 'एजेंट विनोद' का 'पुंगी' और फिल्म 'इश्किया' का सुप्रसिद्ध 'इब्न-ए-बतूता' जैसे एक के बाद एक सुपरहिट बॉलीवुड ट्रैक पेश किए। दर्शकों की मांग पर उन्होंने पारंपरिक पंजाबी रंग बिखेरते हुए 'जुत्ती मेरी' जैसे लाइव फोक सॉन्ग तथा 'दिन शगना' जैसे भावनात्मक वेडिंग ट्रैक भी सुनाए। इसके साथ ही फिल्म 'रमैया वस्तावैया' के 'जादू की झप्पी' और 'दे दे प्यार दे' के 'मुखड़ा देख के' गानों की प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक थिरकते नजर आए।

TAGS: #राष्ट्रीय दशहरा मेला #राष्ट्रीय मेला दशहरा #पार्श्वगायक मीका सिंह #सिने संध्या स्टार नाइट #नगर निगम कोटा #