कोटा

दीपावली पर कोटा सहकारी उपभोक्ता भंडार की विशेष सौगात, पटाखों पर 60 प्रतिशत तक छूट

Admin Desk
02 Nov 2026, 08:03 PM
Pramukh Samvad
News Image

मिठाई, नमकीन, ड्राईफ्रूट्स और ग्रीन आतिशबाजी की बड़ी रेंज उपलब्ध, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सजाए विशेष बिक्री काउंटर

कोटा। दीपावली के त्योहार पर आमजन को महंगाई से राहत देने और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने एक बार फिर व्यापक तैयारियां की हैं। शहरवासियों की मांग और पिछले वर्षों में मिले शानदार प्रतिसाद को देखते हुए भंडार ने इस बार भी मिठाइयों, नमकीन, ड्राईफ्रूट्स और ब्रांडेड ग्रीन आतिशबाजी की आकर्षक रेंज विशेष रियायती दरों पर उपलब्ध कराई है। खास आकर्षण शिवाकाशी के लोकप्रिय मुर्गाछाप ब्रांड के पटाखों पर एमआरपी से 60 प्रतिशत तक की छूट है। इसके साथ ही काजू कतली 900 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। भंडार का प्रयास है कि त्योहार की खरीदारी में गुणवत्ता से समझौता किए बिना आम परिवारों को बाजार की तुलना में किफायती विकल्प मिल सकें।

सहकारी उपभोक्ता भंडार

सहकारिता के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत देना प्राथमिकता

भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार वर्षों से आमजन को भरोसेमंद गुणवत्ता के उत्पाद उचित कीमतों पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर प्रत्येक परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार मिठाई, नमकीन और आतिशबाजी की खरीदारी कर सके, इसी सोच के साथ इस वर्ष उत्पादों की विविधता बढ़ाने के साथ विशेष रियायती बिक्री व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सहकारिता का मूल उद्देश्य केवल वस्तुओं की बिक्री करना नहीं, बल्कि आम उपभोक्ता के हितों की रक्षा करते हुए उसे उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराना है। भंडार के प्रति शहरवासियों का निरंतर बढ़ता विश्वास संस्था की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास को बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है।

शहर के प्रमुख क्षेत्रों में लगाए गए विशेष बिक्री काउंटर

दीपावली की खरीदारी को शहरवासियों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए भंडार के तीनों सुपरमार्केट महावीर नगर तृतीय, स्टेशन क्षेत्र एवं सब्जीमंडी में विशेष व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त घोड़ेवाले चौराहे पर नागरिक सहकारी बैंक के समीप, प्रधान कार्यालय कैनाल रोड, तलवंडी में दाऊदयाल जोशी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, कॉमर्स कॉलेज रोड, वी-मार्ट के पास रजत सिटी तथा महाराणा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी में भी विशेष बिक्री काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर बीकाजी, बिकानो और हल्दीराम जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के भुजिया, चिवड़ा, लोंग सेव, अजवाइन सेव, गाठिया, पपड़ी, मीठे सेव सहित विभिन्न प्रकार के नमकीन और मिठाइयां उपलब्ध हैं। इसके साथ ही ग्रीन आतिशबाजी, 75 सेंटीमीटर की फुलझड़ियां, फैंसी पटाखे और कॉक सहित लोकप्रिय ब्रांड के पटाखों की विस्तृत रेंज भी उपभोक्ताओं के लिए रखी गई है।

पिछले वर्ष एक करोड़ के पटाखे बिके, इस बार लक्ष्य 1.25 करोड़

संस्था अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि गुणवत्ता, उचित कीमत और उपभोक्ताओं के भरोसे के चलते कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने दीपावली पर अपनी अलग पहचान बनाई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में संस्था द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये के पटाखों, 10 लाख रुपये की मिठाइयों तथा करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री की गई थी। इस वर्ष दीपोत्सव पर पटाखों की बिक्री का लक्ष्य बढ़ाकर 1.25 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट्स की बिक्री का लक्ष्य 30 लाख रुपये रखा गया है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों से मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद और संस्था की गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली से इस वर्ष भी बिक्री के निर्धारित लक्ष्य हासिल होने की उम्मीद है।

उपभोक्ता संतुष्टि और शुद्धता पर विशेष जोर

अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, कोटा एवं कोटा भंडार की महाप्रबंधक बीना बैरवा ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध कराना है। सहकारी उपभोक्ता भंडार उपभोक्ताओं की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सहकारिता की मूल भावना के अनुरूप कार्य कर रहा है। त्योहार के अवसर पर विशेष बिक्री केंद्रों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक किफायती उत्पाद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सहकारी भंडार के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

इस अवसर पर भंडार उपाध्यक्ष नरेंद्र कृष्ण बिरला, संचालक अशोक कुमार मीणा, महीप सिंह सोलंकी, इन्द्रमल जैन, धीरेन्द्र पाल सिंह, पारस खींची, उषा न्याती, खुशबू बिरला, विष्णु कंवर, दिशा गुप्ता सहित सहकारी विभाग के उप रजिस्ट्रार राजेश मीणा एवं कोटा जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के एमडी राय सिंह मोजावत उपस्थित रहे।

TAGS: #कोटा सहकारी उपभोक्ता भंडार #कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार #आतिशबाजी #पटाखे #दीपावली #