विविध/अन्य

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सेना की विशेष पहल, राजस्थान के विभिन्न जिलों में 15 नवंबर तक पहुंचेंगी 4 टीमें

Admin Desk
02 Nov 2026, 11:27 AM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा। भारतीय सेना की गांडीव डिवीजन ने अपनी स्वर्ण जयंती के अवसर पर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए ‘गांडीव हार्दिक मिलन 1.0’ अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को पेंशन, कल्याणकारी योजनाओं तथा प्रशासनिक मामलों में सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

अभियान का शुभारंभ 1 नवंबर को कोटा, जयपुर, लालगढ़ जाटान और अलवर में एक साथ किया गया। इसके तहत चार विशेष टीमें 1 से 15 नवंबर तक राजस्थान के विभिन्न जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाएंगी। प्रशिक्षित सैनिकों की ये टीमें पूर्व सैनिकों, युद्ध में भाग ले चुके सैनिकों के परिवारों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेंगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समयबद्ध समाधान में सहयोग करेंगी।

यह अभियान केवल समस्याओं के निराकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि सेना और पूर्व सैनिक समुदाय के बीच संवाद एवं आत्मीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से उन सैनिकों और उनके परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, जिन्होंने राष्ट्र सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया है।

गांडीव डिवीजन ने इस अभियान को प्रतिवर्ष आयोजित करने की परिकल्पना की है, ताकि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनके कल्याण, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए प्रभावी सहयोग सुनिश्चित किया जा सके।

TAGS: #भारतीय सेना गांडीव डिवीजन #गांडीव हार्दिक मिलन 1.0 अभियान #