राजस्थान

किन्नर समाज का प्रदर्शन, पूर्व ड्राइवर पर धर्मांतरण के दबाव और 50 लाख मांगने का आरोप

Sanjay kumar
05 Oct 2026, 12:53 PM
Pramukh Samvad
News Image
उदयपुर, 5 अक्टूबर। उदयपुर में किन्नर समाज की गद्दीपति पायल बाई ने अपने पूर्व ड्राइवर सद्दाम उर्फ पठान पर परेशान करने, ब्लैकमेल करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और 50 लाख रुपए की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर सोमवार को पायल बाई किन्नर समाज के लोगों के साथ सूरजपोल थाने पहुंचीं और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से सामने आई शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि सद्दाम उर्फ पठान ने पायल बाई के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक परिवाद पेश किया था। इसमें उसने पायल बाई पर वेतन के पैसे रोकने और मकान दिलाने के नाम पर ठगी करने जैसे आरोप लगाए थे। इस परिवाद के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए पायल बाई को सूरजपोल थाने बुलाया था। पायल बाई अपने समाज के लोगों के साथ थाने पहुंचीं। इसी दौरान उन्होंने सद्दाम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा है और 50 लाख रुपए की मांग कर रहा है। पायल बाई का कहना है कि वह इन आरोपों और कथित धमकियों के कारण लंबे समय से परेशान हैं। किन्नर समाज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की किन्नर समाज की गद्दीपति आरती किन्नर ने कहा कि पायल बाई काफी समय से परेशान हैं। उनके अनुसार, एक व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई चाहता है। आरती किन्नर ने कहा कि किन्नर समाज की ओर से किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं लिया जा रहा है, क्योंकि फिलहाल शिकायत एक ही व्यक्ति के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से पायल बाई को सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर समाज पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर कार्यालय भी जाएगा तथा सुनवाई नहीं होने पर धरना दिया जाएगा। पायल बाई बोलीं- करीब तीन साल से परेशान करने का आरोप पायल बाई ने बताया कि सद्दाम उर्फ पठान ने करीब चार महीने तक उनकी गाड़ी चलाई थी। उनके अनुसार, वाहन चलाने का भुगतान भी कर दिया गया था, लेकिन बाद में किसी विवाद के कारण दोनों के बीच संबंध खराब हो गए। पायल बाई का आरोप है कि इसके बाद से सद्दाम उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले करीब तीन वर्षों से उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जा रहा है और 50 लाख रुपए की मांग की जा रही है। पायल बाई ने कहा कि वह किन्नर समाज से हैं और घर-घर जाकर मिलने वाली राशि से अपना और अपने समाज का जीवनयापन करती हैं। ऐसे में 50 लाख रुपए की रकम देना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं। हवेली और मकान के आसपास परेशान करने का आरोप पायल बाई ने आरोप लगाया कि किशनपोल स्थित उनकी हवेली पर आने-जाने में परेशानी पैदा की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रतापनगर में मकान बनाने के बाद वहां भी रेकी की गई और उनके चेलों को परेशान किया गया। उनका कहना है कि कथित डर और परेशानी के कारण उनके कई चेले पिछले करीब तीन वर्षों से उदयपुर शहर नहीं आ रहे हैं। पायल बाई ने कहा कि वह स्वयं भी भय के माहौल में रह रही हैं और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। पायल बाई ने कहा- पूरे मुस्लिम समाज से कोई शिकायत नहीं पायल बाई ने स्पष्ट किया कि उनकी शिकायत पूरे मुस्लिम समाज से नहीं है। उनका आरोप केवल संबंधित व्यक्ति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि वह हिंदू सनातनी हैं और अपना धर्म परिवर्तन नहीं करेंगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायतों की जांच कर रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
TAGS: ## किन्नर समाज #धर्म परिवर्तन # ब्लैकमेल