कोटा/हिसार। समस्त पंजाबी खत्री सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का अधिवेशन हिसार स्थित एक निजी होटल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती और आगामी योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया।
महाराजा अरूट धाम निर्माण की योजना पर हुआ मंथन
संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रवीन गुलाटी ने बताया कि अधिवेशन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सर्वदानन्द आर्य ने की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के साथ खत्री समाज के लिए एक भव्य महाराजा अरूट धाम का निर्माण करना समय की आवश्यकता है। इस धाम में मां हिंगलाज का भव्य मंदिर भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का आह्वान किया।
एकजुटता से पूरा होगा समाज का संकल्प
धाम निर्माण के संयोजक राम कामरा ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार करने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर आगे आना होगा। राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष संजीव तलवार एवं महिला विंग राजस्थान की अध्यक्ष सोनिया अदलखा ने सुझाव दिया कि धाम निर्माण की दिशा में सबसे पहला कदम उपयुक्त भूमि की तलाश कर उसे चिन्हित करना होना चाहिए।
तन-मन-धन से सहयोग का दिया भरोसा
राष्ट्रीय विस्तारक गुलशन नागी ने कहा कि महाराजा अरूट धाम के निर्माण के लिए भूमि की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक कार्यों में संगठन के सदस्य तन, मन और धन से सहयोग करेंगे। उन्होंने इस योजना को समाज की एकता, आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
50 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया भाग
अधिवेशन में सचिव गगन ओबराय, जिला अध्यक्ष महेन्द्र ठकराल, जिला सचिव अमर कुकरेजा, उपाध्यक्ष सुशील अरोड़ा, अनिल ऐहलावादी, अनिल वोहरा, रविन्द्र पुष्प, भजन कौर तनुजा सहित देश के विभिन्न शहरों से आए लगभग 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और संगठन की भावी योजनाओं को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।