राज्य

हेलीकॉप्टर हादसा: बदरीनाथ से देहरादून जा रहा था, पायलट समेत 6 की दर्दनाक मौत

Sanjay kumar
31 Oct 2026, 11:48 AM
Pramukh Samvad
News Image

देहरादून/जोशीमठ, 31 अक्टूबर। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर चाई और थैंग गांव के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह लोगों की मौत हो गई।

पायलट सहित छह लोग थे सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एसएस नटराज के रूप में बताई गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी में दुर्घटना की वजह खराब मौसम को बताया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने की हादसे की पुष्टि

चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना की पुष्टि की। उनके अनुसार सेना के माध्यम से प्रशासन को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित स्थान की लोकेशन ट्रेस कर दुर्घटना की पुष्टि की गई। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सभी छह लोगों की मृत्यु की जानकारी सामने आई है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुख

हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने की बात कही और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

खराब मौसम को हादसे की प्रारंभिक वजह माना जा रहा

पहाड़ी क्षेत्र में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। हादसे से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।

TAGS: #उत्तराखंड #देहरादून #जोशीमठ #हेलीकॉप्टर हादसा #