कोटा

राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026: लेजर शो में जीवंत हुए रामायण के प्रसंग, रंग-बिरंगी आकृतियों ने मोहा मन

Admin Desk
31 Oct 2026, 10:31 AM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा, 30 अक्टूबर। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के तहत शुक्रवार को विजयश्री रंगमंच पर लेजर लाइट एवं साउंड शो तथा बाल प्रतिभा कार्यक्रम भाग-1 का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, मधुर संगीत और अत्याधुनिक लेजर एनीमेशन के अद्भुत संगम ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों की अलौकिक दुनिया में पहुंचा दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ 'देवा हो देवा गणपति देवा...' की मधुर प्रस्तुति के साथ हुआ।

इससे पूर्व कार्यक्रम के अतिथि जिला कलक्टर पीयूष समारिया, पुलिस अधीक्षक कोटा शहर श्रीमती तेजस्विनी गौतम, पूर्व निदेशक कोटा नागरिक सहकारी बैंक जितेन्द्र राजावत (गब्बर), महापौर श्रीमती अनुसुइया गोस्वामी, उपायुक्त एवं मेला अधिकारी धीरज कुमार सोनी, मुख्य अभियंता एवं सहायक मेला अधिकारी महेश चंद्र गोयल, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर, अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास एवं पार्षदगण ने मां सरस्वती और प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

लेजर शो में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर उनके वनवास, राक्षसों के संहार, लंका विजय और रावण वध तक रामायण के प्रमुख प्रसंगों को आकर्षक एनीमेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। पर्दे पर पड़ती लेजर किरणों ने देखते ही देखते भगवान श्रीराम, मां सीता सहित रामायण के विभिन्न पात्रों की रंग-बिरंगी आकृतियां साकार कर दीं। एक के बाद एक उभरते चित्रों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विशेष ध्वनि प्रभावों, संगीतमयी प्रस्तुतियों और रोशनी के तालमेल ने शो को और भी आकर्षक बना दिया। जैसे-जैसे रामायण के प्रसंग पर्दे पर जीवंत होते गए, दर्शक भी उनमें भावनात्मक रूप से जुड़ते चले गए। भगवान श्रीराम के रावण पर विजय और रामराज्य की स्थापना के दृश्य के दौरान पूरा मेला परिसर श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

लेजर की रंगीन किरणों और संगीत की मधुर धुनों के बीच रामायण की इस मनोहारी प्रस्तुति ने दर्शकों को भक्ति, रोमांच और आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया। विजयश्री रंगमंच पर उपस्थित दर्शकों ने इस अनूठे आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

TAGS: #राष्ट्रीय दशहरा मेला #राष्ट्रीय मेला दशहरा #लेजर लाइट एवं साउंड शो #नगर निगम कोटा #