325 करोड़ की लागत से बने राष्ट्रीय पशु प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र का प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन, गुजरात को 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात
बनासकांठा (गुजरात), 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान बनासकांठा में आयोजित रोड शो और किसान जनसभा में 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारे गूंजते रहे। भीलड़ी में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के दोनों ओर मौजूद रहे। लोगों के हाथों में प्रधानमंत्री के समर्थन में लिखे पोस्टर और बैनर दिखाई दिए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनका संकल्प आखिरी सांस तक देश की सेवा करते रहने का है।
खरगे की टिप्पणी के बाद नारेबाजी ने पकड़ा जोर
प्रधानमंत्री के स्वागत में लगाए गए नारों को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हालिया टिप्पणी से जोड़कर देखा जा रहा है। खरगे ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा समर्थकों ने 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारे के जरिए जवाब दिया। बनासकांठा में रोड शो के दौरान कई पोस्टरों पर लिखा था कि जब तक भारत विकसित और आत्मनिर्भर नहीं बन जाता, तब तक मोदी कहीं नहीं जाएंगे।
रोड शो में उमड़ी भीड़, जनसभा में भी गूंजे नारे
प्रधानमंत्री मोदी हेलीपैड से बनास डेयरी संयंत्र तक रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ खुली जीप में मौजूद रहे। रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री भीलड़ी स्थित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे, जहां आयोजित जनसभा में किसानों और महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। सभा स्थल पर भी प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए गए।
‘आखिरी सांस तक देश की सेवा करता रहूंगा’
जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों के नारों का जवाब देते हुए कहा कि वह कहीं नहीं जाने वाले हैं और अपनी आखिरी सांस तक देश की सेवा करते रहेंगे। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी कहा कि प्रधानमंत्री के समर्थन में उठी यह आवाज बनासकांठा से लेकर कश्मीर और कन्याकुमारी तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और दुनिया का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री लगातार काम कर रहे हैं।
बनासकांठा के आलू और डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में बनासकांठा की कृषि और डेयरी क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने यहां के आलू उत्पादन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बनासकांठा के किसानों को अब आलू से सोना बनाने जैसे दावों से कोई बहका नहीं सकता, क्योंकि यहां के किसान अपनी मेहनत से पहले ही आलू के उत्पादन के जरिए आर्थिक प्रगति कर रहे हैं।
विपक्ष पर साधा निशाना, अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वैश्विक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। लेकिन कुछ लोगों को देश की यह प्रगति रास नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अफवाह फैलाने वाले तत्व देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने लोगों से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने का आह्वान किया।
325 करोड़ की लागत से तैयार हुआ आधुनिक पशु प्रजनन केंद्र
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने बनासकांठा जिले के भीलड़ी में 325 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन किया। करीब 127 एकड़ क्षेत्र में फैले इस केंद्र को बनास डेयरी ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की तकनीकी देखरेख और राष्ट्रीय गोकुल मिशन के सहयोग से तैयार किया है। इस केंद्र का प्रमुख उद्देश्य प्रतिवर्ष 25 हजार उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है। इससे देशी गायों और भैंसों की नस्लों में सुधार, बेहतर पशु प्रजनन और दूध उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
गुजरात को 14 हजार करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
प्रधानमंत्री अपने गुजरात दौरे के दौरान लगभग 14 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी की। दौरे में डेयरी, पशुपालन, कृषि और बुनियादी ढांचे से संबंधित परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। इन योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन की गुणवत्ता सुधारने और गुजरात के विकास को नई गति देने का लक्ष्य रखा गया है।