राजनीति

कोटा से भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का शंखनाद, सीएम भजनलाल शर्मा ने निकाली पदयात्रा

Sanjay kumar
30 Oct 2026, 10:14 PM
Pramukh Samvad
News Image

मुख्यमंत्री बोले— प्रधानमंत्री मोदी के साथ पूरा देश, कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का कर रही प्रयास

कोटा, 30 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शुक्रवार को कोटा की धरती से भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का राजस्थान में आगाज हुआ। मुख्यमंत्री ने सेवन वंडर्स से पदयात्रा को रवाना किया। पदयात्रा कोटड़ी चौराहा, गुमानपुरा होते हुए छावनी पहुंची। इसमें भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में अभियान से जुड़े संदेशों और नारों की तख्तियां लेकर शामिल हुए लोगों ने लोकतंत्र की मजबूती और राजनीतिक जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर सेवन वंडर्स पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में जनता के बीच पहुंचेगी और तथ्यों एवं सच्चाई के आधार पर अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कमजोर करने और देश में भ्रम एवं अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है। भाजपा जनता के सामने कांग्रेस के इस रवैये को उजागर करेगी।

मोदीजी कहीं नहीं जाने वाले, पूरा देश उनके साथ खड़ा है

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत की प्रतिष्ठा और सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प बन चुका है। जब तक गरीब व्यक्ति को पक्का मकान, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास का अवसर और महिलाओं, किसानों, मजदूरों एवं जरूरतमंदों को आर्थिक मजबूती नहीं मिलती, तब तक यह संकल्प अधूरा रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। मोदीजी कहीं नहीं जाने वाले, पूरा देश उनके साथ खड़ा है और जनता का विश्वास उनके प्रति लगातार मजबूत हो रहा है।

एसआईआर पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखे

मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसके शासनकाल में भी मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अपनाई गई थी, तब उसे कोई आपत्ति क्यों नहीं थी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए एसआईआर एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जो लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। यदि कांग्रेस के पास किसी प्रकार की अनियमितता के ठोस प्रमाण हैं तो उसे सक्षम प्राधिकरण और न्यायालय के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करने चाहिए। लेकिन ऐसा करने के बजाय कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाने वाले बयान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इस प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय तथ्यों के आधार पर चर्चा होनी चाहिए।

आपातकाल का इतिहास कांग्रेस को याद रखना चाहिए

मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस को लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि जिस पार्टी का अपना इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सवालों से भरा रहा है, वह आज भाजपा को लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रही है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में देश ने लोकतंत्र का सबसे कठिन दौर देखा था। उस दौरान नागरिक स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाए गए तथा विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को लोकतंत्र की बात करने से पहले अपने उस इतिहास का भी जवाब देना चाहिए, जब सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचला गया था। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 356 के उपयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में कई बार राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 50 बार और पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में 17 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है।

राजस्थान में वन स्टेट, वन इलेक्शन का वादा पूरा किया

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति को प्राथमिकता दी तथा जनता की वास्तविक समस्याओं को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान राजनीतिक अस्थिरता का माहौल रहा और सरकार कई बार होटल तक सीमित होकर रह गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर लंबे समय तक अनिश्चितता बनी रहती थी तथा बार-बार आचार संहिता लागू होने से विकास कार्य प्रभावित होते थे। भाजपा ने प्रदेश की जनता से वन स्टेट, वन इलेक्शन का वादा किया था और सरकार ने इस दिशा में कदम उठाते हुए निकाय चुनाव संपन्न करवाए तथा पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने संकल्प को पूरा करने का काम किया है और प्रदेश में चुनावी व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयास किए हैं।

संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना उचित नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लगातार सीबीआई, ईडी, सर्वोच्च न्यायालय और निर्वाचन आयोग सहित देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है, जबकि ये सभी संस्थाएं संविधान और कानून के दायरे में रहकर कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई संस्था कानून के अनुसार कार्रवाई करती है तो कांग्रेस को परेशानी होने लगती है। लोकतंत्र में सरकार बनाने का अधिकार जनता के पास है और जनमत से ही सरकारें बनती हैं। भाजपा जनता के बीच रहकर 24 घंटे, सातों दिन और पूरे वर्ष जनसेवा के कार्य करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भी जनता का विश्वास जीतने के लिए सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में सत्ता का रास्ता केवल जनसमर्थन से होकर गुजरता है।

कांग्रेस की भाषा और कार्यशैली पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का हमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा भी लंबे समय तक विपक्ष में रही है, लेकिन पार्टी ने कभी अपनी भाषा और राजनीतिक व्यवहार की मर्यादा नहीं छोड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक विरोध के नाम पर अमर्यादित भाषा की सीमाएं पार की हैं और देश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान नहीं किया है। राठौड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद का सत्र चलने के दौरान विपक्ष के नेता विदेश यात्राओं पर चले जाते हैं और इसके बाद देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कांग्रेस पर असामाजिक और भारत विरोधी तत्वों से गठजोड़ करने का आरोप भी लगाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के कथित छल, कपट, झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति का तथ्यों के साथ जवाब दें तथा जनता के बीच जाकर अभियान को व्यापक रूप से आगे बढ़ाएं।

कोटा से उठी लोकतंत्र की रक्षा की आवाज दूर तक जाएगी : राकेश जैन

भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान में विकास के अनेक कार्य हो रहे हैं और कोटा की जनता के प्रति उनका विशेष स्नेह एवं सहयोग बना हुआ है। जैन ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का राजस्थान में शुभारंभ कोटा की धरती से होना शहर के लिए गौरव की बात है। चंबल की धरती से लोकतंत्र की रक्षा का जो संदेश दिया गया है, वह प्रदेशभर में पहुंचेगा। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया। भाजपा देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर ने भी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर एसआईआर की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की अपील की।

कई मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर, महापौर अनुसूइया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, अभियान के प्रदेश सह-संयोजक पुनीत कर्णावत तथा अजमेर के पूर्व उपमहापौर नीरज जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का पार्टी दुपट्टा पहनाकर, साफा बांधकर तथा 51 किलो के पुष्पहार से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं शहर जिला महामंत्री शैलेंद्र ऋषि ने सभी अतिथियों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, शैलेंद्र ऋषि, कार्यक्रम सह-संयोजक जितेंद्र खजांची, जगदीश सिंह मोहिल, कुलदीप सिंह तलवार, देवेंद्र राही सहित प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

TAGS: #लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ अभियान #मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा #बीजेपी BJP भाजपा #भारतीय जनता पार्टी #पदयात्रा #कोटा #