कोटा, 28 अक्टूबर।
'राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026' के अंतर्गत बुधवार की शाम हास्य, कला और संगीत के नाम रही। मेले के विजयश्री रंगमंच पर आयोजित 'लाफ्टर शो' में देश के प्रख्यात कॉमेडियन विकल्प मेहता और सिद्धार्थ सागर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों, सटीक कॉमेडी और बेहतरीन मिमिक्री से दर्शकों को हंसा-हंसाकर लोटपोट कर दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पूरा रंगमंच तालियों की गड़गड़ाहट और ठहाकों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इससे पहले बच्चों ने मनमोहक 'गणेश वंदना' प्रस्तुत कर संपूर्ण माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
कार्यक्रम में महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने अतिथि नगर पालिका रामगंजमंडी चेयरमैन नरेन्द्र काला, नगर पालिका सुकेत चेयरमैन जितेन्द्र चौपड़ा, सांगोद चेयरमैन चन्द्रप्रकाश सोनी, इन्द्रगढ़ चेयरमैन बीना शर्मा, लाखेरी चेयरमैन राकेश कुमार सैनी, पूर्व चेयरमैन अखिलेश मेड़तवाल, वाइस चेयरमैन महेन्द्र सामरिया, विकास चौहान, महेन्द्र शर्मा, पूर्व चेयरमैन कैथून हरिओम पुरी, वाइस चेयरमैन अन्जू राजावत, मनोज मीणा, योगेंद्र शर्मा, सोनू धाकड़, आयुक्त ओम प्रकाश मेहरा, अतिरिक्त मेला अधिकारी महेशचंद्र गोयल, मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर तथा केडीए के मुकेश चौधरी सपत्नीक का स्वागत किया।
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की सटीक मिमिक्री के लिए मशहूर हास्य कलाकार विकल्प मेहता ने मंच संभालते ही दर्शकों को अपनी संवाद शैली से जोड़ लिया। उनकी बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग डिलीवरी इतनी सटीक थी कि दर्शकों को मंच पर असली अक्षय कुमार का अहसास होने लगा। विकल्प ने राउडी राठौड़ का धमाकेदार पंच मारते हुए कहा— "जो मैं बोलता हूँ वो मैं करता हूँ, और जो मैं नहीं बोलता हूँ वो मैं डेफिनेटली करता हूँ!" जिस पर जमकर तालियां बजीं। इसके बाद उन्होंने हेरा फेरी का सदाबहार डायलॉग— "मेरे पास एक स्कीम है, 25 दिन में पैसा डबल हो जाता है" और मज़ेदार पंच— "सर, राउडी राठौड़ में आपका डायलॉग था कि जो मैं बोलता हूँ वो मैं करता हूँ... तो अभी तक आपने बोला नहीं कि आप मुझे अपनी फिल्म में लेंगे, इसलिए आप डेफिनेटली देंगे ना, वरना पाँव पकड़ने हमें भी आते हैं" सुनाकर दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया।
सिद्धार्थ सागर की 'मेरा ही जलवा' के साथ धमाकेदार एंट्री
हास्य अभिनेता सिद्धार्थ सागर ने "मेरा ही जलवा" गीत के साथ मंच पर धमाकेदार एंट्री की। उन्होंने अपनी बहुमुखी कॉमेडी, ऊर्जावान परफॉर्मेंस और अनोखे किरदारों से बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को अंत तक बांधे रखा। सिद्धार्थ की शानदार कॉमेडी टाइमिंग और दर्शकों से सीधे जुड़ाव ने कार्यक्रम में जबरदस्त उत्साह भर दिया।
लाफ्टर शो की मुख्य प्रस्तुति से पहले स्थानीय कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने लोकप्रिय गीत "चुराके दिल मेरा" पर शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद कुंवारे और शादीशुदा जिंदगी के अंतर को डांस और अभिनय के माध्यम से इस तरह दर्शाया कि दर्शक गुदगुदाने पर मजबूर हो गए। मंच पर प्रस्तुत "केसरी का लाल" भजन ने दर्शकों में एक नया उत्साह भर दिया। लाफ्टर शो को देखने के लिए विजयश्री रंगमंच पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।