बिना सूचना बंधा धर्मपुरा गौशाला पहुंचे महापौर और उपमहापौर, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कोटा, 4 अक्टूबर। महापौर अनुसुईया गोस्वामी और उपमहापौर विवेक राजवंशी ने रविवार सुबह बंधा धर्मपुरा स्थित नगर निगम की गौशाला का अचानक निरीक्षण किया। दोनों जनप्रतिनिधि बिना पूर्व सूचना गौशाला पहुंचे और करीब एक घंटे तक परिसर में रहकर गोवंश के रखरखाव, चारे की गुणवत्ता, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि नगर निगम की गौशाला को लेकर समय-समय पर नकारात्मक खबरें सामने आती हैं। ऐसे में अचानक निरीक्षण का उद्देश्य मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेना था। निरीक्षण के दौरान गौशाला में क्षमता से अधिक गोवंश होने के कारण जगह की कमी सामने आई।
महापौर ने अधिकारियों को गौशाला के विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि गौशाला में गोवंश के रखरखाव, चारे, उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।
गर्भवती और बीमार गोवंश के लिए अलग व्यवस्था
उपमहापौर विवेक राजवंशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गर्भवती और बीमार गोवंश के लिए अलग व्यवस्था पाई गई। मौके पर आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थीं और बीमार गोवंश का उपचार किया जा रहा था। गोवंश को उपलब्ध कराए जा रहे भूसे की गुणवत्ता भी संतोषजनक मिली।
हालांकि निरीक्षण के दौरान खल-चूरी की गुणवत्ता में मामूली कमी दिखाई दी। इस पर संबंधित कार्मिकों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए। महापौर और उपमहापौर ने अधिकारियों से कहा कि गौशाला में गोवंश की देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
TAGS:
##नगर निगम गौशाला #नगर निगम #निरीक्षण #गौ शाला