कोटा

दशहरा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर निगम आयुक्त सख्त, अतिक्रमण हटाने और सफाई सुधारने के निर्देश

Admin Desk
27 Oct 2026, 10:21 PM
Pramukh Samvad
News Image

कोटा। 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने मंगलवार दोपहर मेला परिसर का करीब डेढ़ घंटे तक निरीक्षण कर सफाई, जनसुविधाओं, अतिक्रमण और व्यापारिक गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मेला परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने शौचालयों सहित सभी जनसुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

रात में होगी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

आयुक्त ने अतिक्रमण अनुभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात के समय मेला ग्राउंड का निरीक्षण कर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फुटकर विक्रेताओं के कारण आमजन के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए। ऐसे विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थानों पर बैठाया जाए, जिससे व्यापार भी प्रभावित न हो और लोगों को आने-जाने में असुविधा भी नहीं हो।

प्रवेश द्वारों पर दुकानों और सामान के कारण होने वाली परेशानी को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि द्वारों के सामने किसी भी तरह का अवरोध नहीं होना चाहिए। प्रवेश और निकास मार्गों को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।

बिना अनुमति ब्रांडिंग पर लगेगी रोक

मेला परिसर में व्यावसायिक प्रचार-प्रसार को लेकर भी आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने राजस्व विभाग की टीम से कहा कि जिन दुकानदारों ने बड़ी कंपनियों के उत्पादों की ब्रांडिंग या प्रचार सामग्री लगा रखी है, उनसे नियमानुसार शुल्क जमा करवाया जाए। यदि प्रचार की अनुमति नहीं है, तो संबंधित सामग्री हटवाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध प्रचार सामग्री लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

व्यापारियों ने बताया, बाजार में बढ़ रही ग्राहकी

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न दुकानदारों से बातचीत कर मेले में व्यापार की स्थिति और व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। व्यापारियों ने बताया कि इस बार बाजार अच्छा चल रहा है और ग्राहकों की आवाजाही भी बेहतर है। उन्हें उम्मीद है कि आगामी दिनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ कारोबार में और तेजी आएगी।

व्यापारियों ने उत्तर जोन में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि उत्तर क्षेत्र में अधिक ग्राहकों के पहुंचने से वहां की दुकानों पर बिक्री बढ़ेगी और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

निरीक्षण में मौजूद रहे निगम अधिकारी

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष यादव, धीरज कुमार सोनी, राकेश व्यास, अधिशासी अभियंता एक्यू कुरैशी, विष्णु वैष्णव, राजस्व अधिकारी विजय अग्निहोत्री सहित नगर निगम के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

TAGS: #राष्ट्रीय दशहरा मेला #राष्ट्रीय मेला दशहरा #नगर निगम कोटा #नगर निगम आयुक्त #मेला परिसर निरीक्षण #