कोटा, 26 अक्टूबर।
राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में सोमवार को विजयश्री रंगमंच पर हत्था माला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ अतिथि अनिता कुमारी मेघवाल चेयरमैन, नगर पालिका सुल्तानपुर, नरेन्द्र शर्मा वाईस चेयरमैन, नगर पालिका, सुल्तानपुर, निर्मला बाई चेयरमैन, नगर पालिका इटावा, दीपक उपाध्याय वाईस चेयरमैन, नगर पालिका, इटावा ने किया। इस अवसर पर आयुक्त ओपी मेहरा भी सपत्नी उपस्थित रहे। इस दौरान प्रतियोगी युवाओं ने जोर आजमाइश की। जिसमें 115 किलो का हत्था केवल दो प्रतियोगी उठा सके। इस दौरान बड़गांव निवासी अमन हैप्पी गुर्जर 105 किलो 7 सेकंड और 115 किलो को हत्था माला को 25 सेकंड सेकंड तक उठाए रखा। इस दौरान बजरंग बली के जयकारे गूंज उठे।
उन्होंने शक्ति और संतुलन का परिचय देते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया। वहीं महेंद्र कटारिया गुर्जर ने 7 सेकंड तक हत्था माला उठाया और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महेंद्र कटारिया श्योपुर मध्यप्रदेश से पहली बार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ही कोटा आए थे। अमन हैप्पी गुर्जर ने 2024 में भी खिताब अपने नाम किया था। अमन हैप्पी गुर्जर ने बताया कि वह प्रतिदिन हत्था माला उठाने का अभ्यास करते हैं। उनके पास 50 किलो से लेकर 125 किलो तक के हत्था माला हैं। अभी तक 115 किलो तक का अभ्यास किया है।