खेल

अहमदाबाद में 2029 में सजेगा भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप का मंच, भारत पहली बार करेगा मेजबानी

Sanjay kumar
25 Oct 2026, 11:38 PM
Pramukh Samvad
News Image

अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ ने सौंपी जिम्मेदारी, 2030 में मॉस्को में होगी प्रतियोगिता

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। गुजरात का अहमदाबाद शहर वर्ष 2029 में सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) ने चीन के निंग्बो में आयोजित कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की। इस आयोजन के साथ भारत पहली बार सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।

आईडब्ल्यूएफ के फैसले के अनुसार, वर्ष 2029 की सीनियर विश्व चैंपियनशिप अहमदाबाद में आयोजित होगी, जबकि वर्ष 2030 की प्रतियोगिता रूस की राजधानी मॉस्को में होगी। इसके अलावा, वर्ष 2028 की विश्व युवा भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी कोसोवो की राजधानी प्रिश्टिना और विश्व जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी वेनेजुएला की राजधानी काराकास को सौंपी गई है।

भारत में पहली बार होगा प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन

सीनियर भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी मिलना भारत में अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आईडब्ल्यूएफ के महासचिव जोस क्विनोनेस ने कहा कि महासंघ को विभिन्न देशों से उत्कृष्ट मेजबानी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और उन्हें विश्वास है कि संबंधित देशों में प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि भारत, कोसोवो और वेनेजुएला पहली बार आईडब्ल्यूएफ की विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेंगे। यह भारोत्तोलन के वैश्विक विस्तार और विभिन्न देशों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है।

राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी करेगा अहमदाबाद

अहमदाबाद को 2029 की भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी मिलने से अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर शहर की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी। इससे पहले अहमदाबाद को वर्ष 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी सौंपी जा चुकी है।

भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने के लिए भी प्रयासरत है। ऐसे में अहमदाबाद में लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की तैयारी खेल बुनियादी ढांचे के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भारत की वैश्विक खेल पहचान को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप के आयोजन से देश में इस खेल को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में घरेलू दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा।

TAGS: #भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप #अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ आईडब्ल्यूएफ #आईडब्ल्यूएफ 2029 सीनियर विश्व चैंपियनशिप अहमदाबाद #भारत मेजबानी #